प्रतापगढ़ में पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में इसके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। छोटी सादड़ी थाना अधिकारी तेजकरण चारण ने बताया कि 6 महीने पहले, 4 जून को रावण मगरी निवासी कुशाल माली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बीती रात उसके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर अज्ञात चोर चुरा ले गए। कुशाल ने अपने स्तर पर ट्रैक्टर की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस ने कुछ समय पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, उनका तीसरा साथी, सरवानिया निवासी हरिया उर्फ हरिराम, तब से फरार था। आज पुलिस ने हरिया को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के बाद कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।


