प्रतापगढ़ में अफीम डोडाचूरा की तस्करी करते युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से 24.445 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया है। पुलिस ने धरियावद नाके पर नाकाबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल ने बताया कि प्रतापगढ़ थाने की टीम धरियावद नाके पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान जोधपुर जा रही एक स्लीपर बस की जांच की। बस में सवार एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। पूछताछ में उसने खुद को अंकित पिता महेंद्र सिंह राजपूत (19 वर्ष) निवासी सुजानपुरा, पिपलियामंडी, मंदसौर बताया। जब उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 24.445 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने पुलिस को गलत पहचान बताई थी। उसकी असली पहचान कुलराज सिंह (20) पुत्र गजराज सिंह राजपूत है, जो नीमच सिटी के काली कोटड़ी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


