प्रतापगढ़ में एमडी ड्रग सप्लायर का साथी गिरफ्तार:छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ में 48 वर्षीय अब्दुल वहीद को मकराना से पकड़ा

प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग सप्लायर के एक साथी को गिरफ्तार किया है। छोटीसादड़ी थाना पुलिस टीम ने 48 वर्षीय अब्दुल वहीद को डीडवाना कुचामन जिले के मकराना से पकड़ा। वह एमडी ड्रग सप्लायर शंभूलाल टेलर का साथी बताया जा रहा है। 30 दिसंबर को तीन को था पकड़ा यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक पुराने मामले से जुड़ी है। इससे पहले 30 दिसंबर 2025 को धोलापानी थाना पुलिस ने बरोल घाटे पर नाकाबंदी के दौरान तीन अभियुक्तों- रहीम पिता इकबाल खान, शाहरुख खान पिता हकीम खान और दिलावर खान पिता हकीम खान (सभी निवासी हथुनिया) को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 1 किलो 203 ग्राम अवैध एमडी ड्रग जब्त की गई थी। इस संबंध में प्रकरण संख्या 116/2025, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। ड्रग सप्लायर ने पूछताछ में किया खुलासा मामले की जांच के दौरान, मुख्य एमडी ड्रग सप्लायर शंभूलाल पिता प्रहलाद टेलर (47) निवासी मकराना, नागौर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। शंभूलाल टेलर के साथी अब्दुल वहीद पिता मोहम्मद हनीफ शीलावट (48) निवासी मकराना, डीडवाना कुचामन को पुलिस टीम ने 4 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त अब्दुल वहीद से जब्त एमडी ड्रग के संबंध में पूछताछ और आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा व वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *