प्रतापगढ़ में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान जातिगत अपमान और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान समाज के कई लोग भी मौजूद रहे। यह मामला 26 जनवरी को सहकारी समिति मोहेड़ा परिसर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह का है। पीड़ित भेरूलाल पिता चेनराम मालवीय, निवासी मोहेड़ा, थाना कोटड़ी, तहसील अरनोद हैं। उनकी पुत्रवधू पिंकी समिति की निर्वाचित सदस्य हैं और उन्हें भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। जाजम पर बैठने को लेकर हुई गाली-गलौच ज्ञापन में बताया गया है कि कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष गोवर्धन (निवासी मोहेड़ा) ने जाजम पर बैठने को लेकर भेरूलाल के साथ गाली-गलौच की और जातिगत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर धक्का-मुक्की की गई और जान से मारने व हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। पीड़ित ने बताया कि घटना की रिपोर्ट थाना कोटड़ी में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग कार्रवाई न होने के कारण आरोपित खुलेआम धमकियां दे रहा है। पीड़ित ने जिला पुलिस अधीक्षक से आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय समाज के कई लोग पीड़ित के समर्थन में उपस्थित थे।


