प्रतापगढ़ में बांसवाड़ा रोड स्थित वुडलैंड पार्क के सामने बुधवार रात करीब 9:30 बजे दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और दोनों वाहन चालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू करवाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर थाने में खड़ा किया गया, जिसके बाद बांसवाड़ा रोड पर आवागमन सामान्य हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार बांसवाड़ा से प्रतापगढ़ की ओर आ रही थी, जबकि दूसरी प्रतापगढ़ से बांसवाड़ा दिशा में जा रही थी। बताया गया है कि एक कार एक पुलिसकर्मी के बेटे की थी, जबकि दूसरी कार एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की थी। टक्कर में दोनों चालकों को मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों पक्षों ने घटनास्थल से कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वाहनों के क्षतिग्रस्त होने के आधार पर मुआयना किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक कट लेने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। दोनों वाहन चालक सुरक्षित हैं और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


