प्रतापगढ़ में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कुमावत समाज और सुथार समाज ने सालमपुरा से एक शोभायात्रा निकाली। इस शोभायात्रा में दोनों समाजों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी इस शोभायात्रा का जनप्रतिनिधियों, आमजन और व्यापारियों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर स्वागत किया। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः सालमपुरा पहुंची। इस दौरान समाज के युवक-युवतियों ने भक्ति धुनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। शोभायात्रा में भाग लेने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग प्रतापगढ़ मुख्यालय पहुंचे थे। सुथार समाज के जिला अध्यक्ष लाल सुथार ने बताया कि शोभायात्रा सालमपुरा से बैंड-बाजे और ढोल की थाप के साथ शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित होने वाली इस शोभायात्रा की तैयारियां समाज के पदाधिकारियों द्वारा दो महीने पहले से ही बैठकों के माध्यम से की जा रही थीं। शोभायात्रा के समापन के बाद सालमपुरा स्थित मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। देर शाम तक भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवक-युवतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। देखें PHOTOS


