प्रतापगढ़ में सर्व समाज ने निकाली रैली:नारकोटिक्स विभाग और युवकों के बीच मारपीट का मामला, निर्दोष युवाओं को छोड़ने की मांग

प्रतापगढ़ में दो दिन पहले केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के दल और कुछ युवकों के बीच हुई मारपीट के मामले को लेकर लोगों ने मिनी सचिवालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों पर भय और दहशत फैलाने का आरोप लगाया। इस दौरान प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों की तैनाती की गई। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया। जिसमें बताया-19 दिसंबर को देर रात हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के दल में शामिल अधिकारी और हवलदार के साथ होटल से खाना खाकर लौट रहे कुछ युवकों की कहा सुनी हो गई थी। ज्ञापन में आरोप लगाया कि नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों द्वारा फायरिंग की गई। साथ ही मामले में फंसाने की धमकी भी दी। वहीं दूसरी ओर नारकोटिक्स विभाग के निरीक्षक देवेंद्र सिंह सिसोदिया ने मामला दर्ज कराया। जिसमें बताया-विभाग के अधिकारी संदिग्ध की सूचना पर गश्त करते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पहुंचे थे। यहां पर दो कारों में सवार युवकों ने अधीक्षक बीएन मीणा के साथ मारपीट की। जिसमें अधीक्षक और हवलदार शोएब खान घायल हो गए। बीच बचाव के दौरान एक निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने हवाई फायर किया और अपनी जान बचाई। इस दौरान ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने दोषियों पर कार्रवाई करते हुए निर्दोष युवाओं को छोड़ने की मांग की है। स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाना अधिकारी दीपक बंजारा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल उपखंड अधिकारी मणिलाल तिलकर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *