अपने गृह विधानसभा क्षेत्र रैगांव (सतना) में रविवार को निरीक्षण के दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री प्रतिमा बागरी घटिया सड़क निर्माण पर भड़क गईं। उन्होंने पैर से नई बनी सड़क का डामर कुरेदा तो एक पल में ही वो उछालकर बाहर आ गया। इसको देखकर मंत्री नाराज हुईं और संबंधित ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने और निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश दे दिए। हाल ही में पीडब्ल्यूडी द्वारा सुधारी गई कोठी तहसील की 3 किमी लम्बी पौड़ी-मनकहरी सड़क का निरीक्षण राज्य मंत्री ने किया था। क्वालिटी देखने के लिए मंत्री ने गाड़ी से उतरकर पैर से डामर को थोड़ा धक्का दिया तो छूते ही वो हिस्सा हट गया। उन्होंने तंज भी कसा -ये रोड बनी है। राज्य मंत्री ने इस पर जमकर नाराजगी व्यक्ति की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल संबंधित ठेकेदार का टेंडर रद्द हो और निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की जाए। ईई से जवाब तलब, कार्रवाई के निर्देश मंत्री ने मौके पर उपस्थित पीडब्ल्यूडी के ईई बीआर सिंह से जवाब तलब किया तो उन्होंने मामलों को हल्का करने की कोशिश की और कहा कि कुछ हिस्सों में निर्माण को अस्वीकृत कर दिया गया है। लेकिन मंत्री ने घटिया निर्माण को गंभीर लापरवाही बताते हुए जांच और कार्रवाई के निर्देश दे दिए। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने एक्स पर घटना का वीडियो डालकर लिखा-अपनी ही सरकार पर सवाल उठाती हुई राज्य मंत्री।


