प्रतिमा विसर्जन के दौरान मजिस्ट्रेट व आपदा प्रबंधन की टीम रहेगी तैनात

सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो के कई प्रमुख पूजा पंडालों की मूर्तियों का विसर्जन 6 अक्टूबर को होगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बोकारो के प्रमुख पूजा पंडालों में सेक्टर-2सी, सेक्टर-9 वैशाली मोड़, आलोक मैदान और सेक्टर-12 की मूर्तियों का विसर्जन 6 अक्तूबर को निर्धारित है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस कारण नदी, तालाब एवं अन्य जल स्रोतों में जलस्तर और पानी के वेग में वृद्धि हो सकती है। ऐसी स्थिति में रात अथवा देर शाम विसर्जन करना खतरनाक हो सकता है। बोकारो डीसी ने इसको लेकर दिन में ही विसर्जन करने की बात कही है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, आपदा प्रबंधन दल तथा प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ताकि सभी जल स्रोतों पर निगरानी रखी जाए और किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हो। डीसी ने दोनों एसडीओ व संबंधित बीडीओ-सीओ को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व शांति पूर्ण ढंग से सुनिश्चित करें। दुर्गा पूजा पंडालों के लिए कुछ ट्रैफिक व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। 6 अक्तूबर की रात्रि 11 बजे त​क यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी। माराफारी थाना क्षेत्र के मूर्ति विसर्जन के समय एनएच-23 का दोनों लेन चालू रहेगा। बालीडीह से बोकारो की ओर आने वाले मार्ग पर आधे रास्ता में जुलूस चलेगा और आधे रास्ता में भारी वाहनों को छोड़ सभी वाहनों का परिचालन होगा। जुलूस के समय बालीडीह से बोकारो की ओर आने वाले भारी वाहनों को स्टेशन मोड़, बालीडीह में रोका जाएगा तथा आईटीआई मोड़ से बालीडीह की ओर जाने वाले भारी वाहनों को तेलीडीह फोरलेन चौक के पास रोका जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *