भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम और पार्षद चुनावों को लेकर वीरवार को प्रचार- प्रसार का आखिरी दिन रहा। अब शुक्रवार को किसी भी उम्मीदवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया के माध्यम से विज्ञापन या प्रचार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चुनाव प्रणाली इस पर ध्यान दे रही है ताकि कोई भी व्यक्ति चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन न करें। बीते दिनों सोशल मीडिया से लेकर बैंड बाजे तक हर तरीके से प्रत्याशियों ने प्रचार किया। ज्यादातर प्रयोग पोस्टर, बैनर और स्पीकरों का किया गया। इतना ही नहीं इस बार ब्लूटूथ माइक और स्पीकरों का चलन भी देखने को मिला। डोर-टू-डोर प्रचार में छोटे पैम्फलेट का प्रयोग किया गया। 5 साल पहले केवल स्पीकरों के द्वारा ही चुनावों का प्रचार किया जाता था, लेकिन अब चीजें बदल गई हैं। अब प्रत्याशी हाथ में माइक लेकर और ढोल बजवाकर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हैं। हर प्रत्याशी के साथ ढोल देखा गया। ऑटो पर देशभक्ति गीतों के साथ भी प्रचार देखा गया है। पार्टी दफ्तरों के सामने प्रचार स्लिपों को लगाकर डेकोरेशन की गई है। सोशल मीडिया पर कई प्रत्याशियों ने अपनी आवाज में रिकॉर्डिंग करके वोट मांगे हैं। पूरे शहर में प्रत्याशियों ने अपने होर्डिंग भी लगाकर प्रचार किया है। पूरे शहर की दीवारों पर प्रत्याशियों के पोस्टर लगे हुए देखे जा सकते हैं। सोशल मीडिया ने प्रत्याशियों की बहुत सहायता की है। इस माध्यम का भी ज्यादा प्रयोग किया गया है। नगर निगम चुनाव दौरान ढोल बजवाकर प्रचार करते प्रतियाशी।


