रीवा–सीधी मार्ग पर प्रदेश की सबसे लंबी मोहनिया टनल में एक युवक द्वारा किया गया खतरनाक बाइक स्टंट सामने आया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए सीट पर खड़ा नजर आ रहा है। इसी हालत में वह करीब 2.28 किलोमीटर लंबी पूरी टनल पार करता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पर बनी मोहनिया टनल की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में युवक बाइक की रफ्तार बनाए रखते हुए सीट पर खड़ा है और कई बार दोनों हाथ छोड़ देता है। स्टंट के दौरान उसका संतुलन बिगड़ने का खतरा साफ नजर आ रहा है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि युवक सामान्य यातायात के बीच यह करतब कर रहा था। अन्य वाहन चालकों की जान भी जोखिम में
मोहनिया टनल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी और हल्के वाहन गुजरते हैं। ऐसे में टनल के भीतर इस तरह का स्टंट न केवल युवक की जान के लिए खतरा था, बल्कि वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था। वीडियो में पीछे और आगे चल रहे वाहनों के बीच युवक को स्टंट करते देखा जा सकता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। सोशल मीडिया के लिए किया गया स्टंट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने यह स्टंट सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने और लाइक–फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से किया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस हरकत की कड़ी आलोचना की है और ऐसे स्टंट पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विंध्य क्षेत्र की अहम परियोजना है मोहनिया टनल
मोहनिया टनल को विंध्य क्षेत्र की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल किया जाता है। इस टनल के निर्माण से रीवा और सीधी के बीच पहाड़ी और घुमावदार मार्ग से राहत मिली है तथा यात्रा समय भी काफी कम हुआ है। टनल को यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया था, लेकिन इस तरह की लापरवाही इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। रीवा जिले के एएसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि “मोहनिया टनल में बाइक से स्टंट करने का वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के स्टंट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।” कार्रवाई की स्थिति
पुलिस द्वारा वायरल वीडियो की तकनीकी जांच की जा रही है। बाइक नंबर, युवक की पहचान और वीडियो अपलोड करने वाले अकाउंट की जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने के बाद मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


