भास्कर न्यूज | चिरमिरी भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत संगत भवन गोदरीपारा में प्रबुद्धजन संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंबिकापुर के विधायक और छत्तीसगढ़ सरकार के नए कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का कोयलांचल नगरी चिरमिरी में पहली बार आगमन हुआ। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों का चिरमिरी में स्वागत किया गया। दादू लाहिड़ी चौक और यातायात चौक हल्दीबाड़ी पर कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान महापौर रामनरेश राय, द्वारिका जायसवाल, राजकुमार बधावन और पुरुषोत्तम सोनकर उपस्थित रहे।संवाद सम्मेलन में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि चिरमिरी जैसे क्षेत्र भी अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री से मिलकर क्षेत्र के लिए बेहतर काम करेंगे और चिरमिरी को पर्यटन के क्षेत्र में मजबूत पहचान दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा, सरगुजा और बस्तर को पर्यटन की दृष्टि से आगे ले जाना है और चिरमिरी को एक बेहतर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंच से कहा कि सरकार कहती नहीं, करके दिखा रही है। उन्होंने बताया कि चिरमिरी से लेकर रायपुर तक स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है और हर बीमारी का इलाज संभव है। कार्यक्रम में शामिल मंत्री अग्रवाल, मंत्री जायसवाल और अन्य।


