करीब 24 घंटे चली शीतलहर से पारा गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया गया है। दो दिन से जिले में कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने अभी आगामी तीन दिन कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री और न्यूनततम 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि इसके बाद दूसरे नंबर पर अलवर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री और तीसरे नंबर पर श्रीगंगानगर में 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। शहर में पिछले महीने 28 दिसंबर को 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा था। दौसा शहर में पिछले साल से 2.8 डिग्री सेल्यिस कम है, जबकि एक दिन पहले के शुक्रवार के तापमान से अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री बढ़ गया है। शहर में गुरुवार रात से चली बर्फीली हवा शनिवार सुबह थोड़ी थमने और धूप खिलने से लोगों को राहत मिली है। कोहरा भी जल्दी छट गया। लेकिन मौसम में गलन बनी हुई है। पंजाब और उत्तराखंड में घना कोहरा होने के कारण अभी ट्रेन भी देरी से चल रही हैं। जम्मू तवी से आने वाली पूजा एक्सप्रेस करीब एक घंटे और काठगोदाम से आने वाली रानीखेत एक्सप्रेस करीब दो घंटे देरी से दौसा स्टेशन पहुंची। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि उत्तर भारत की बर्फीली हवाओं से रात के तापमान में गिरावट आ रही है। आगामी दिनों में पारा एक से 2 डिग्री और गिर सकता है। जबकि मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, तेज शीतलहर चलेगी मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार दौसा में 11 व 12 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दिनों तेज शीतलहर चलेंगी। बर्फीली हवाएं लोगों की दिनचर्चा को प्रभावित करेंगी। इस दौरान घना कोहरा छाया रहेगा। 13 जनवरी को यलो अलर्ट के तहत शीतहर चलेगी और घना कोहरा छाया रहेगा। इन दिनों में रात को शीतलहर बंद होने पर पाला भी पड़ सकता है।


