प्रदेश में 20 हजार स्वास्थ्य पदों की मंजूरी:विदिशा में गोशाला भी बनेगी; सरकार के दो साल पूरे होने पर मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने 12 दिसंबर को अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर आज (शनिवार) विदिशा पहुंचे जिले के प्रभारी एवं राज्य मंत्री लखन पटेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी। मंत्री लखन पटेल ने विदिशा में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक के बाद आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ विदिशा जिले में हुए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। मंत्री पटेल ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। विदिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्मित पांच आरोग्य केंद्रों पर जल्द ही स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग में 20 हजार से अधिक नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि कई स्थानों पर भवन तैयार हैं, लेकिन पदस्थापना नहीं हो पाई थी, अब इन पदों पर बहुत जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मंत्री ने स्वावलंबी गोशाला योजना के तहत देश की पहली बड़ी गोशाला परियोजना विदिशा जिले की नटेरन तहसील में शुरू होने की घोषणा की। इस परियोजना के लिए सरकार ने लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से टेंडर आमंत्रित किए हैं। प्रस्तावित गोशाला में लगभग 6 हजार गोवंश को रखने की क्षमता होगी। मंत्री पटेल ने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है और आने वाले समय में इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *