अमृतसर | पंजाब में बाढ़ को लेकर केंद्र सरकार की ओर से घोषित 1600 करोड़ के राहत पैकेज पर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने प्रधानमंत्री मोदी पर पक्षपात का आरोप लगाते कहा कि यह राहत राशि पंजाब की मौजूदा हालत के हिसाब से नाकाफी है। इस बार की तबाही ने राज्य को 20 साल पीछे धकेल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अतिरिक्त मदद नहीं दी गई तो लाखों लोग आर्थिक संकट में फंस जाएंगे। उन्होंने याद दिलाया कि 1988 में जब बाढ़ आई थी, तब कांग्रेस सरकार ने पंजाब को 100 करोड़ का पैकेज दिया था, जबकि उस समय महंगाई आज के मुकाबले बेहद कम थी। सांसद ने केंद्र सरकार से अपील की कि पैकेज को तुरंत बढ़ाया जाए और साथ ही पुनर्वास, स्वास्थ्य सेवाएं और मानसिक सहायता भी सुनिश्चित की जाए।


