भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिले के ग्राम धनेली से पौसरी जाने वाला मार्ग खराब हो चुका है। इस मार्ग से होकर ही बलौदा बाजार जिले के ग्राम दामाखेड़ा जाने का मुख्य मार्ग है। सड़क खराब होने से आवागमन मुश्किल हो रहा है। डामरीकृत सड़क धूल में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों की मानें तो सड़क की मरम्मत 5 साल में एक बार नहीं की गई। सड़क पर वाहन चलाने लायक भी नहीं है। ग्रामीणों को इस मार्ग से पैदल ही आना जाना करना पड़ता है। ग्रामीणों की मानें तो 10 साल पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की तहत सड़क निर्माण किया गया था। जो ग्राम धनेली मोड़ से पौसरी, ग्राम तुलसी तक मार्ग बनाया गया था। जो कि बलौदा बाजार जिले के गांव को जोड़ता है। मार्ग पर शिवनाथ नदी पर उच्च स्तरीय पुल का भी निर्माण किया गया था। कुछ साल पहले तक इस मार्ग पर 10 से अधिक यात्री बसें इस मार्ग पर चलती थी, लेकिन खराब मार्ग के कारण अब यात्री बसें बंद हो चुकी है। सड़क किनारे डाली मिट्टी बारिश में बहने से गड्ढा हुआ साल भर पहले बरसात में सड़क को उपयोगी बनाने के नाम पर किनारे में मिट्टी डाली गई थी। जो कि कुछ दिन की बारिश में ही बह गई। वही इन दिनों सड़क में धूल से लोग परेशान हैं। जिसके कारण हादसे का भी डर बना रहता है। कई बार बाइक सवार अंधेर में गड्ढे में गिर कर घायल भी हो चुके हैं। कई बार आवेदन देने के बाद भी नहीं ले रहे सुध प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत शिवनाथ नदी पर उच्च स्तरीय पुल तक बनाया गया है। जहां सीसी रोड दो हिस्से में बट गई है। बरसात में ग्रामीण पैदल आना-जाना करते हैं। ग्राम पौसरी निवासी राम दास धृतलहरे, प्रकाश कुमार गर्ग, बुधारी भारती, मोहरेंगा सरपंच भगवानी निषाद ने बताया कि मार्ग निर्माण को लेकर विधायक एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, कलेक्टर जनदर्शन में, व अधिकारियों को आवेदन सौंपे हैं ध्यान नहीं दे रहे। एस्टीमेट भेजे हैं, स्वीकृति का इंतजार: संतोष साहू पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता संतोष साहू ने बताया कि धनेली मोड़ से पौसरी तक सड़क निर्माण के लिए शासन को एस्टीमेट भेजा गया है। फंड के अभाव में निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। विभाग की पूरी तैयारी है। शासन से स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण प्रारंभ हो जाएगा। 3 किलोमीटर लंबा नया डामरीकरण कार्य किया जाना है।


