राज्यमंत्री और जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने फ्लैगशिप सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं, बजट घोषणाओं और विकासात्मक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना बनाने के निर्देश मंत्री सिंह ने विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता को जल जीवन मिशन के तहत जिले के नॉन-फिजेबल गांवों में पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, अवैध नल कनेक्शनों और बकाया बिलों की वसूली, पेयजल आपूर्ति के लिए गुणवत्तापूर्ण पाइपलाइन बिछाने तथा उखड़ी हुई सड़कों की मरम्मत पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिला प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग के कार्यों और योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को आरडीएसएस योजना के कार्यों को समय पर पूरा करने और किसानों के हित में कृषि कनेक्शनों को प्राथमिकता से जारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा उन्होंने नगर परिषद के आधारभूत संरचनागत कार्यों और बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने अतिक्रमण की स्थिति में प्रभावी कार्रवाई करने तथा नगर परिषद आयुक्त से पट्टों और यूडी टैक्स के संबंध में फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जिले में गाजर की अधिक पैदावार को देखते हुए, मंत्री ने किसानों के हित में गाजर के भंडारण और प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ‘बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ के पोस्टर का विमोचन किया जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने सरकार की योजनाओं और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का विभागीय समन्वय के साथ पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों के साथ ‘बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ के पोस्टर का भी विमोचन किया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, एसडीएम रामवतार मीणा, नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


