प्रभु यीशु ने दिखाया क्षमा, दया और सेवा का मार्ग : बिशप विंसेंट बरवा

भास्कर न्यूज | सिमडेगा जिले में गुड फ्राइडे का त्योहार श्रद्धा, भक्ति और शांति के वातावरण में मनाया गया। विभिन्न गिरजाघरों में सुबह से ही प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जिला मुख्यालय के धर्मप्रान्त में संत अन्ना महागिरजाघर में गुडफ्राइडे के मौके पर दो बार क्रूस रास्ता निकाली गई। दोपहर बाद बिशप विंसेंट बरवा की अगुवाई में क्रूस रास्ता निकाली गई। मौके पर क्रूसरास्ता से संबंधित झांकी भी निकाली गई। बिशप बरवा ने मिस्सा पूजा सम्पन्न कराते हुए कहा कि गुड फ्राइडे हमें सिखाता है कि दूसरों के लिए बलिदान देना ही सच्चा प्रेम है। प्रभु यीशु ने क्रूस पर चढ़कर हमें क्षमा, दया और सेवा का मार्ग दिखाया।विधायक भूषण बाड़ा जिप सदस्य जोसिमा खाखा सहित भारी संख्या में मसीही धर्मावलंबी शामिल हुए। विधायक ने भी गुड फ्राइडे के अवसर पर कहा कि आज का दिन हमें यह याद दिलाता है कि दुख के बाद सुख जरूर आता है। प्रभु यीशु के बलिदान के बाद पुनरुत्थान की खुशी हमारे विश्वास को और मजबूत करती है। हमें अपने जीवन में दूसरों की मदद करने, प्रेम बांटने और समाज में शांति बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। कहा कि गुड फ्राइडे केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मनिरीक्षण और आत्मशुद्धि का अवसर भी है। आज हम अपने भीतर झांकें और देखें कि क्या हम वाकई मानवता के रास्ते पर चल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *