भास्कर न्यूज | तोकापाल नववर्ष के अवसर पर साल्वेशन लाईट मिनिस्ट्रीज इंडिया बड़े आरापुर के तत्वावधान में मसीही समाज द्वारा भव्य शुभकामना रैली निकाली गई। यह रैली आरापुर चर्च मुख्यालय से प्रारंभ होकर तोकापाल बाजार चौक तक चार डीजे, गाजे-बाजे और झंडों के साथ निकाली गई। रैली में हजारों की संख्या में मसीही समाज के विश्वासी शामिल हुए, जो नाचते-गाते नववर्ष और क्रिसमस की शुभकामनाएं देते नजर आए। रैली के दौरान हिन्दू, मुस्लिम, सिख, इसाई, जैन, बौद्ध सहित सर्व आदिवासी समाज को प्रभु यीशु मसीह की शिक्षानुसार प्रेम, शांति, एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया। रैली में शामिल लोग हाथ हिलाकर आमजन का अभिवादन कर रहे थे, जिससे पूरे तोकापाल और परपा क्षेत्र में उत्साह और संगीतमय माहौल बना रहा। रैली मनमोहक छवि के साथ चर्च मुख्यालय वापस लौटी, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोग उमड़े रहे। इस दौरान जकर्याह (गागरु नाग) गाड़म, शामिल सिंह आरापुर, जोसफ मावलीपदर, सेत करंजी, लक्ष्मण सेड़वा, सोनारू नाग, जलनु कुरामी छोटेकिलेपाल, बक्शु पोयाम कावानार, राजू पोडियामी मेटापाल, अर्चना बचेली, बाबूलाल डुरकीगुड़ा, सोमनाथ पोडियामी गोरियापाल, अरुण कुमार नंदा डिलमिली सहित मिशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। रैली के पश्चात साल्वेशन लाईट मिनिस्ट्रीज चर्च मुख्यालय में नववर्ष सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता डॉ. रेव्ह सुशील कुमार संगम एवं पास्टर मीना संगम ने की। उन्होंने अपने शास्त्र आधारित उपदेश में प्रेम, आशा, विश्वास, एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए समाज में सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। सभा में सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


