छत्तीसगढ़ में 8 जिलों में पदस्थ 295 पुलिस कर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला है। इन पुलिसकर्मियों ने पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया था। डीजीपी अरुणदेव गौतम ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश के अनुसार कांस्टेबल को हेड कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल को एएसआई, एएसआई को एसआई, एपीसी को पीसी के पद पर प्रमोट किया है। प्रमोशन पाने वालों में जिला पुलिस के अलावा एसटीएफ और इंटेलिजेंस टीम के भी सदस्य शामिल हैं। बता दें कि भाजपा सरकार बनने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य तय किया है। इसके बाद कांकेर में सबसे पहले बड़े नक्सल ऑपरेशन को पुलिसवालों ने अंजाम दिया। इसमें 29 नक्सली मारे गए थे। इस टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड की मानें तो एक दिसंबर 2023 से 28 मई 2025 तक 425 नक्सली मारे जा चुके हैं। इन पर करीब 22 करोड़ का इनाम घोषित था। इसमें 1444 नक्सलियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा 1406 नक्सली आत्मसर्मपण कर चुके हैं।


