चित्तौड़गढ़ में रविवार दोपहर 12:15 बजे नव नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोदसिंह सिसोदिया ने जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे प्रयास करेंगे और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस की मजबूती तभी संभव है जब हर कार्यकर्ता को सम्मान मिले और टीम भावना के साथ काम किया जाए। उदयलाल आंजना की नोकझोंक कार्यक्रम के दौरान माहौल तब खुशनुमा हो गया जब पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने मुस्कुराते हुए कहा कि “जो नेता आज नहीं आए हैं, उन्हें भी साथ लेकर चलेंगे।” आंजना के इस हल्के-फुल्के अंदाज पर कार्यकर्ताओं में ठहाके गूंज उठे। उनके इस बयान को लेकर पूरे कार्यक्रम में चर्चा रही, क्योंकि कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम से नदारद रहे। खास तौर पर सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, पूर्व जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी और उनके गुट के किसी भी नेता की गैरमौजूदगी कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही। वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी से चर्चाएं तेज समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति ने कार्यकर्ताओं के बीच अलग ही माहौल बना दिया। जाड़ावत और भैरूलाल चौधरी गुट के किसी भी नेता का कार्यक्रम में शामिल न होना कई लोगों को खटका। कई कार्यकर्ता आपस में इस बात पर चर्चा करते नजर आए कि इस गैरहाजिरी का संगठन पर क्या असर पड़ेगा। हालांकि कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने इसे सामान्य बताते हुए कहा कि पार्टी संगठन में सभी को साथ लेकर ही आगे बढ़ा जाएगा। कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद इस मौके पर सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, राष्ट्रीय सचिव एवं उदयपुर संभाग के प्रभारी ऋतिक मकवाना, जिला प्रभारी राजेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष शिव दयाल शर्मा, विजयलक्ष्मी चौधरी, अविचल ब्यास, संदीप शर्मा, राहुल खान और NSUI जिलाध्यक्ष संजय राव सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम शुरू होने के बाद सभी नेताओं ने सिसोदिया को शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। समारोह की शुरुआत, उत्साह का माहौल पदभार ग्रहण के बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह नजर आया। सभी ने नए जिलाध्यक्ष से संगठन में नई ऊर्जा और नए उत्साह की उम्मीद जताई। सिसोदिया ने भरोसा दिया कि आने वाले समय में कांग्रेस को जिले में एक बार फिर मजबूत स्थिति में लाने के लिए पूरी टीम मिलकर काम करेगी। फिलहाल आयोजन जारी है।


