प्रयागराज में हुई प्रतियोगिता में डीपीएस की बालिका टीम ने जीता रजत पदक

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी के खिलाड़ियों से सुसज्जित दिल्ली पब्लिक स्कूल डीपीएस की बालिका बास्केट बॉल अ टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने एसीजी जूनियर एनबीए नेशनल सीटी लीग में रजत पदक जीता। स्पर्धा 11 से 15 जनवरी तक अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रयागराज में आयोजित की गई। बालिका टीम ने लीग मुकाबलों में सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, गाजियाबाद एवं सनबीम सनसिटी स्कूल, वाराणसी को पराजित कर प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची। प्री-क्वार्टर फाइनल में टीम ने होलीक्रॉस स्कूल रायपुर को 21–08 अंकों से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में सेंट जोसेफ गर्ल्स स्कूल, गोरखपुर को 18–05 अंकों से परास्त कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में डीपीएस राजनांदगांव की टीम ने प्रभात विद्या भारती हाई स्कूल, रांची को 13–11 अंकों से हराया एवं फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में कड़े संघर्ष के बाद डीपीएस टीम को मां शारदा स्कूल के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा और टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। टीम की सफलता में सौम्या पांडे (कप्तान), इशिका साहू, सुरुचि टोप्पो एवं हर्षिता लाहकर का उत्कृष्ट योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *