प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा 3 अगस्त को होने वाली है। इसके लिए सोमवार को प्रवेश पत्र जारी किए गए। इसमें एंट्री का वही नियम है जो आबकारी आरक्षक परीक्षा में था। ऐसे में यह आशंका है कि एक बार फिर कई परीक्षार्थी नियमों के उल्लंघन या नियमों की अस्पष्टता के कारण परीक्षा से वंचित हो सकते हैं। जैसा कि आबकारी आरक्षक परीक्षा में हुआ था। ऐसे में यह मांग उठ रही है कि नियमों को अधिक स्पष्ट किया जाए। मसलन, कपड़ों के रंग को स्पष्ट कर निर्देश जारी किए जाए। अभी व्यापमं की परीक्षाओं के लिए जो गाइडलाइन है उसके अनुसार परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने जाना है। नए नियम के अनुसार दो परीक्षाएं हुई। पहली परीक्षा 20 जुलाई को जल संसाधन विभाग की सब इंजीनियर भर्ती थी। दूसरी परीक्षा 27 जुलाई को आबकारी आरक्षक की थी। दोनों परीक्षाओं में नियम स्पष्ट नहीं होने की वजह से परीक्षािर्थियों को परेशानी हुई। कई केंद्रों में काले टी-शर्ट में भी परीक्षार्थियों को एंट्री दी गई, तो कई सेंटरों में नहीं दी गई। इसी तरह कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। लेकिन कई केंद्रों में गले की चेन, अंगूठी आदि भी निकलवाई गई। इस वजह से नियमों को अधिक स्पष्ट करने की मांग की जा रही है। एडमिट कार्ड जारी, निर्देश को अच्छे से पढ़ें प्रयोगशाला परिचारक भर्ती के लिए व्यापमं की ओर से प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इधर, उच्च शिक्षा विभाग के तहत 430 पदों पर प्रयोगशाला परिचारक की भर्ती होगी। इसके लिए 2023 में वैकेंसी निकली थी। उच्च शिक्षा विभाग से जब आवेदन मंगाए गए थे, तब करीब साढ़े चार लाख अभ्यर्थी थे। कुछ महीने पहले उच्च शिक्षा विभाग से आवेदन करने वालों की लिस्ट जारी की गई थी। व्यापमं से परीक्षा होने वाली है, इसलिए इन अभ्यर्थियों से फिर से आवेदन मंगाए थे। जिन्होंने व्यापमं की वेबसाइट से आवेदन किया है उनका प्रवेश पत्र जारी किया गया है। 11 बजे से परीक्षा होगी, लेकिन 10:30 पर गेट बंद होगा प्रयोगशाला परिचारक परीक्षा सुबह 11 बजे से होगी, लेकिन परीक्षार्थियों को 10:30 तक एंट्री मिलेगी। इसके बाद परीक्षा केंद्र का गेट बंद हो जाएगा। व्यापमं की ओर से पिछली परीक्षा आबकारी आरक्षक की हुई थी। इसकी भी यही टाइमिंग थी। कई परीक्षार्थी गेट बंद होने के दो-तीन मिनट बाद पहुंचे थे। देरी की वजह से उन्हें एंट्री नहीं मिली और वे परीक्षा से वंचित रह गए थे। इसलिए परीक्षार्थी समय का ध्यान रखे। इस परीक्षा के लिए 33 जिलों में केंद्र बनाए जाएंगे।


