केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का कोयंबटूर एयरपोर्ट पहुंचने पर मंगलवार को नेशनल लगेज सेल एसोसिएशन के अध्यक्ष वी अंकित जैन और मारवाड़ी तमिलनाडु जैन संघ के अध्यक्ष प्रकाश जैन की अगुआई में स्थानीय मारवाड़ी लोगों ने स्वागत किया।
मंत्री चौहान औद्योगिक शहर इरोड में आयोजित विकसित भारत क्षेत्र भ्रमण एक्सपो में हिस्सा लेने के लिए कोयम्बटूर पहुंचे। यहां से उन्हें इरोड तक वाहन रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया। दोनों संघ की तरफ से कृषि मंत्री को विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया।
नेशनल लगेज सेल एसोसिएशन के अध्यक्ष वी अंकित जैन ने बताया जैसे ही कृषि मंत्री कोयंबतूर एयरपोर्ट पर पहुंचे, पाली, जालोर, सिरोही, बाड़मेर और फलोदी जिलों से तमिलनाडु में बसे प्रवासी बंधुओं ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर अंकित जैन ने कृषि मंत्री के समक्ष कृषि से जुड़े विभिन्न उत्पादों पर सब्सिडी दिए जाने की मांग को एक बार फिर दोहराया। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण, उर्वरक, बीज और सिंचाई साधनों पर पर्याप्त सब्सिडी मिले, जिससे खेती की लागत कम हो सके और किसान आर्थिक रूप से मजबूत बनें। साथ ही, सूखा प्रभावित क्षेत्रों के किसानों के लिए विशेष सहायता पैकेज की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संघ के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। अंत में संघ की ओर से मंत्री को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।


