प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच अनुशासन की मिसाल:IRS सुशील कुलहरी ने जयपुर में पूरी की 16वीं फुल मैराथन, 17वें एयू जयपुर मैराथन में लगाई सातवीं लगातार दौड़

भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी और वर्तमान में नई दिल्ली में अपर आयकर आयुक्त के पद पर कार्यरत सुशील कुलहरी ने आज गुलाबी नगरी में आयोजित 17वें ‘एयू जयपुर मैराथन’ में अपनी 16वीं फुल मैराथन (42.2 किमी) सफलतापूर्वक पूरी की। वर्ष 2020 से इस आयोजन के नियमित धावक रहे कुलहरी की जयपुर की सड़कों पर यह लगातार सातवीं फुल मैराथन थी। 10 किमी से अल्ट्रा रन का सफर कुलहरी के दौड़ने के सफर की शुरुआत वर्ष 2019 में महज 10 किलोमीटर से हुई थी। लेकिन अपने कड़े अनुशासन और नियमित अभ्यास के दम पर उन्होंने जल्द ही लंबी दूरियों को फतह करना शुरू कर दिया। उनके अब तक के करियर का रिपोर्ट कार्ड किसी पेशेवर एथलीट से कम नहीं है:

श्रीनगर की ठंड से मुंबई की उमस तक देशभर की प्रमुख मैराथनों में सुशील कुलहरी एक जाना-पहचाना नाम बन चुके हैं। टाटा मुंबई मैराथन हो या दिल्ली की प्रतिष्ठित हाफ मैराथन, वे हर जगह अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। नवंबर 2024 में उन्होंने ‘कश्मीर मैराथन’ को मात्र 4 घंटे 20 मिनट में पूरा किया। चुनौतीपूर्ण मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उनका यह प्रदर्शन उनके फौलादी इरादों को दर्शाता है।
फिटनेस बना पारिवारिक उत्सव: जन्मदिन पर खास परंपरा
कुलहरी ने फिटनेस को व्यक्तिगत उपलब्धि से आगे बढ़ाकर एक पारिवारिक जीवनशैली में बदल दिया है। वर्ष 2020 से वे हर साल 18 नवंबर को अपने जन्मदिन पर जयपुर में फुल मैराथन दौड़ते हैं। इस दौड़ के दौरान उनकी पत्नी डॉ. सीमा और उनके दोनों बच्चे साइकिल पर उनके साथ चलते हैं। उनके पुत्र कपिल भी अब तक 10 किलोमीटर के 14 इवेंट्स पूरे कर पिता के पदचिन्हों पर चल रहे हैं।
लोकतंत्र के लिए दौड़: 21 किमी दौड़कर डालते हैं वोट
एक जागरूक नागरिक और अधिकारी के रूप में कुलहरी ने मतदाता जागरूकता (SVEEP) के लिए एक अनूठी मिसाल पेश की है। वे चुनावों के दौरान जिला मुख्यालय झुंझुनूं से अपने पैतृक गाँव ‘तिलोका का बास’ तक लगभग 21 किलोमीटर की दौड़ लगाकर वोट डालने पहुँचते हैं। ‘जयपुर लीजेंड अवॉर्ड’ से नवाजे गए 2006 बैच के राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारी रह चुके कुलहरी वर्तमान में जयपुर रनर्स क्लब के कार्यकारी निदेशक के रूप में युवाओं और सरकारी कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *