भीलवाड़ा | राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, अजमेर की ओर से पीएमश्री योजना के तहत केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग (एआई/एमएल) पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 19 से 23 जनवरी तक पायथन प्रोग्रामिंग के माध्यम से संचालित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों से परिचित कराना और एआई/एमएल की बुनियादी समझ विकसित करना था। प्रशिक्षण के दौरान संवादात्मक व्याख्यान, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और प्रायोगिक सत्र आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, कंप्यूटर विज़न और जेनरेटिव एआई जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई। व्यावहारिक सत्रों में विद्यार्थियों ने एक सरल चैटबॉट भी तैयार किया, जिससे उन्हें एआई के वास्तविक उपयोग को समझने का अवसर मिला। प्रशिक्षण सत्र अजमेर के तकनीकी अधिकारी मोहम्मद आरिफ खान और वरिष्ठ तकनीकी सहायक शिवम शर्मा ने लिए। इस पहल से विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता और भविष्य के लिए जरूरी तकनीकी कौशल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


