प्रसार भारती ने गुरुवार को रांची दूरदर्शन केंद्र में अपने नए ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेव्स’ को लॉन्च किया। इस विषय पर हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में दूरदर्शन व चैनल संचालन विशेषज्ञ अमन कुमार, आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख जेवियर कंडुलना, समाचार प्रमुख दूरदर्शन दिवाकर कुमार, कार्यक्रम अधिशासी सुधीर कुमार, प्रभु शरण, समाचार प्रमुख आकाशवाणी शिल्पी कुमारी मौजूद थे। प्रसार भारती की पहल पर विकसित इस ओटीटी प्लेटफॉर्म के बारे में बताया कि वेव्स ओटीटी की शुरुआत नवंबर 2024 में हो गई है। यह अब एंड्रॉइड व आईओएस प्लेटफॉर्म पर नि:शुल्क उपलब्ध है। समाचार प्रमुख आकाशवाणी शिल्पी कुमारी ने कहा कि यंग टैलेंट को सामने लाने की पहल की जा रही है। साथ ही सुदूर गांव में रहने वाले ग्रामीण जिनके अंदर अनोखी प्रतिभा है, वे अपनी प्रतिभा को इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से पहुंचा सकते हैं। यहां कॉपीराइट का डर भी नहीं होगा। ‘पारिवारिक मनोरंजन की नई लहर’ टैगलाइन के साथ हर घर को इससे जोड़ेंगे। यहां मनोरंजन, शिक्षा, संस्कृति व खरीदारी की सारी सुविधाएं मिलेंगी। वेव्स समिट में रांची के अनुज की फिल्म प्रतियोगिता में शामिल इंटरनेशनल लेवल पर वेव्स की लोकप्रियता को बढ़ाने के लिए वेव्स समिट का आयोजन 1 से 4 मई तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें पूरी दुनिया से लोग जुड़ेंगे। झारखंड के लोग भी इस भव्य समारोह में अपनी प्रतिभा दिखाने पहुंच रहे हैं। रांची के अनुज चौधरी की एनिमेशन फिल्म भी वेव्स-2025 में 42 देशों की फिल्मों के साथ प्रतियोगिता के अंतिम दौर में शामिल हो गई है। विजेता फिल्म को आकर्षक इनाम मिलेंगे। अमन कुमार, जेवियर कंडुलना, दिवाकर, सुधीर, प्रभु शरण, शिल्पी कुमारी व अन्य। लाइव कंटेंट के संग नृत्य और साइबर जागरूकता के कार्यक्रम भी होंगे दूरदर्शन के समाचार प्रमुख दिवाकर कुमार ने कहा कि वेव्स ओटीटी में टेलीविजन, रेडियो, मीडिया, फिल्म, डाक्यूमेट्री, शॉट फिल्म, छोटे बच्चों के लिए गेम्स, कार्टून, रेडियो, वीडियो उपलब्ध रहेंगे। यह कई भाषाओं में उपलब्ध है। मनोरंजन के लिए 65 लाइव चैनल, वीडियो, ऑन डिमांड, मुफ्त टू प्ले गेम्स, रेडियो, स्ट्रीमिंग, विज्ञापन, संगीत, युवा क्रिएटर्स शामिल रहेंगे। वेव्स ने फिल्म स्कूलों से भी साझेदारी की है। लाइव कंटेंट में मन की बात, अयोध्या से श्रीराम लला की आरती, यूएस प्रीमियर लीग, क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम होंगे। सांस्कृतिक संरक्षण में कथाएं, साहित्य, नृत्य के कार्यक्रम होंगे। साइबर सुरक्षा के लिए सी-डॉक के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी होगा।


