पन्ना के वैष्णव माता लॉ कॉलेज में एलएल.बी. की परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि दो छात्र अपने बाहरी साथियों के साथ शराब के नशे में कॉलेज पहुंचे और वहां काफी उत्पात मचाया। इन लोगों पर कॉलेज का ताला तोड़ने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और शिक्षकों से बदतमीजी करने के आरोप लगे हैं। कॉलेज मैनेजमेंट ने कलेक्टर और एसपी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि यह घटना 18 दिसंबर की दोपहर की है। पवई के रहने वाले छात्र सतेन्द्र सिंह और योगेन्द्र सिंह नशे की हालत में परीक्षा देने पहुंचे थे। वे बार-बार क्लास से बाहर जाने की जिद कर रहे थे ताकि नकल का सामान ला सकें। जब टीचरों ने उन्हें टोका, तो उन्होंने शिक्षकों को जान से मारने की धमकी दी और परीक्षा छोड़कर बाहर चले गए। बाहरी साथियों के साथ कॉलेज में घुसकर मचाई तोड़फोड़ छात्र करीब डेढ़ घंटे बाद अपने 4-5 बाहरी साथियों के साथ वापस लौटे। आरोप है कि इन लोगों ने कॉलेज के मेन गेट का ताला तोड़ दिया और गार्ड के साथ मारपीट की। उपद्रवी सीधे परीक्षा हॉल और ऑफिस के अंदर घुस गए, जहां उन्होंने पेपर और कॉपियां फेंक दीं। इस हंगामे की वजह से आधे घंटे तक परीक्षा रुकी रही और दूसरे छात्र भी काफी डर गए। पुलिस की कार्रवाई पर कॉलेज स्टाफ ने उठाए सवाल मैनेजमेंट का कहना है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्टाफ ने आरोप लगाया कि एक छात्र नशे में था, फिर भी पुलिस ने उसका मेडिकल टेस्ट नहीं करवाया। कॉलेज प्रशासन ने अब बड़े अधिकारियों से गुहार लगाई है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


