भास्कर न्यूज | ब्यावर श्री दिगंबर जैन संत आदित्य सागर महाराज ने ब्यावर से विहार से पूर्व अजमेरी गेट के समीप सेठ चंपालाल रामस्वरूप की नसिया में स्थित मंदिर परिसर में विराजमान भगवान के दर्शन किए। जहां उन्होंने युवा पीढ़ी को मानसिक शांति व संतुलित जीवन जीने का मंत्र दिया। संत मंडल को जयकारों व भक्ति-आस्था और समर्पण भाव के साथ श्रावक-श्राविकाओं ने विहार कराया। संतों के पदार्पण और प्रवास से ब्यावर में धर्ममय वातावरण रहा। संत आदित्य सागर महाराज ने नसिया परिसर में धर्म चर्चा करते हुए युवाओं को जीवन जीने की सही कला के विविध टिप्स व मंत्र बताए। संत आदित्य सागर अपने सहयोग संतों के साथ श्रावक-श्राविकाओं के साथ अजमेरी गेट के समीप पुरानी नसिया पहुंचे। यहां विराजित भगवान के दर्शन किए और मंदिर परिसर के हिस्से में वर्षों पुराने शास्त्रों व अभिलेखों को बारीकी से देखा। संघ प्रमुखों से व्यापक जानकारी प्राप्त की। इस मौके संघ के प्रकाश गादिया, नाकोड़ा तीर्थ से जुड़े प्रकाश जैन, गायक अशोक कोठारी, समाज सेवी अजय डोसी, डॉ. हर्षवर्धन भगत भी मौजूद थे। प्रकाश गादिया ने बताया कि संत प्रवर आदित्य सागर महाराज ने नगर में अल्प प्रवास पूर्ण कर अपने सहयोगी संत अप्रमित सागर मुनि एवं संत सहजानंद मुनि के साथ बिजयनगर की ओर विहार किया। संत मंडल गुरुवार को बिजयनगर पहुंचेंगे। जहां अल्प प्रवास पूर्ण कर भीलवाड़ा जाएंगे। संत मंडल के ब्यावर प्रवास में नगर में धर्म ध्यान एवं आध्यात्म का वातावरण बना।


