अमृतसर| रानी का बाग स्थित प्राचीन शिवाला मंदिर में बुधवार को होली का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव और माता पार्वती के चरणों में गुलाल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों और भक्ति भजनों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और पुष्प वर्षा कर होली की बधाई दी। मंदिर कमेटी द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे, जिसमें फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही। सेवादारों ने बताया कि प्राचीन काल से ही इस मंदिर में होली का विशेष महत्व रहा है।


