भास्कर न्यूज | कोंडागांव ग्राम पंचायत सोनाबाल में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में की जा रही है। इसी कड़ी में शासकीय प्राथमिक शाला खुटपारा, संकुल सोनाबाल में 26 जनवरी के अवसर पर प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी चल रही है। विद्यालय में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का पूर्वाभ्यास इस सप्ताह पूरे जोश और जीवटता के साथ कराया जा रहा है। कक्षा चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत यह प्रस्तुति गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण होगी। प्रधान अध्यापक हितेंद्र कुमार श्रीवास स्वयं विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। वे यूट्यूब, इंटरनेट संसाधनों के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से गीत गाकर बच्चों को सही उच्चारण, लय और भाव के साथ अभ्यास करवा रहे हैं, जिससे बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक प्रबल हो रही है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विविध राष्ट्रीय आयोजन शृंखलाएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ‘स्मरणोत्सव’ का आयोजन तथा संसद में लगभग 10 घंटे तक ‘वंदे मातरम्’ पर विशेष चर्चा सत्र का आयोजन भी किया गया। इन्हीं राष्ट्रीय आयोजनों की भावना के अनुरूप प्राथमिक शाला खुटपारा द्वारा गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में यह सांस्कृतिक गतिविधि प्रस्तावित की गई है।


