भास्कर न्यूज | शंकरगढ़ शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़ में शनिवार को प्रादेशिक सेना भर्ती की फिजिकल और मेडिकल परीक्षा में सफल रहे सात अभ्यर्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव के मार्गदर्शन में चयनित हुए इन होनहार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। बता दें कि 15 से 22 नवंबर तक रायपुर में आयोजित प्रादेशिक सेना भर्ती के लिए शिक्षक सुदर्शन यादव ने विद्यालय परिसर में सुबह और शाम नियमित रूप से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया था। इस प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप सात विद्यार्थियों- विकास पैकरा, विवेक पैकरा, मनेद्र, किसुन पैकरा, नंदकुमार, जिंदल और विकास यादव ने चयन प्रक्रिया के दोनों चरण सफलतापूर्वक पार किए। दो अन्य अभ्यर्थियों को री-मेडिकल के लिए बुलाया गया है। प्राचार्य सुशील कुमार एक्का ने चयनित अभ्यर्थियों की सफलता को विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एमआर यादव ने भी सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव ने बताया कि विद्यार्थियों ने प्रतिदिन सुबह 5 से 7 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक लगातार अभ्यास कर यह उपलब्धि हासिल की है। चयनित प्रतिभागियों का स्वागत करते अतिथि और अन्य।


