प्रिंसिपलों की पदोन्नति की मांग, 20 तक कार्रवाई का आश्वासन

लुधियाना| लेक्चरार कैडर यूनियन पंजाब के राज्य वित्त सचिव एवं जिला लुधियाना अध्यक्ष धर्मजीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में यूनियन नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से मिला। इस दौरान यूनियन ने प्रिंसिपलों की शीघ्र पदोन्नति करने की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने 20 अक्टूबर से पहले कार्रवाई का आश्वासन दिया। यूनियन ने कहा कि मुख्यमंत्री के ध्यान में ये मांग भी लाई जाए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की फीस माफ की जाए। शिक्षा मंत्री ने यूनियन को आश्वस्त किया कि इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। साथ ही पदोन्नत लेक्चरार के लिए पारदर्शी स्टेशन चयन, वरिष्ठता सूची जल्द तैयार करने और सीनियर लेक्चरार एवं वाइस प्रिंसिपल की पदोन्नति की मांग भी उठाई गई। यूनियन ने सर्दियों में स्कूल का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में यूनियन के अमरजीत सिंह घुडानी, दविंदर सिंह गुरु, गुरजेपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। यूनियन नेताओं ने कहा कि कैडर की बेहतरी और विद्यार्थियों के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *