छत्तीसगढ़ के सरगुजा में 5 महीने की प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड को अबॉर्शन की गोली खिलाने से उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी ब्वॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के मायापुर निवासी युवती प्रिया पावले (22) का मोहल्ले के ही गोलू विश्वकर्मा से करीब 5 साल से अफेयर चल रहा था। प्रिया पावले की 11 मई को इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। प्रिया पावले 5 महीने की गर्भवती थी। अबॉर्शन की गोली खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसे प्रेमी ने हॉस्पिटल में भर्ती कराया और भाग निकला। जबरदस्ती खिलाई थी दवा
पुलिस ने युवती की मां, उसकी बहन और सहेलियों का बयान दर्ज किया। जांच में पता चला कि प्रिया पावले जब प्रेग्नेंट हो गई तो ब्वॉयफ्रेंड गोलू विश्वकर्मा ने उसे पहले भी अबॉर्शन के लिए गोली लाकर दी थी। प्रिया पावले अबॉर्शन नहीं कराना चाहती थी, इसलिए उसने गोलियां नहीं खाई। उसने चाक को तोड़कर उसे गोलियों के आकार का बना रखा था, जिसे वह खा जाती थी। 9 मई को ब्वॉयफ्रेंड ने जबरदस्ती मारपीट करते हुए प्रिया पावले को अबॉर्शन की गोलियां खिला दी थी, जिसके बाद उसे पेट में तेज दर्द होने लगा और उसकी हालत बिगड़ गई तो प्रिया पावले की बहन को साथ लेकर गोलू विश्वकर्मा हॉस्पिटल पहुंचा था। FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
मामले में कोतवाली पुलिस ने गोलू विश्वकर्मा के खिलाफ धारा 90(2) BNS का जुर्म दर्ज किया। कोतवाली पुलिस ने भुनेश्वर विश्वकर्मा उर्फ गोलू विश्वकर्मा (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह मूलतः खम्हरिया थाना उदयपुर का रहने वाला है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मेडिकल स्टोर्स में भी पुलिस के छापे
मामला सामने आने के बाद एसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सरगुजा पुलिस टीम और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में मेडिकल स्टोर्स की जांच की। दरअसल, अबॉर्शन की गोलियां मेडिकल स्टोर्स में रखने का रिकार्ड रखना पड़ता है और ये गोलियां डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर ही दी जाती हैं। जिन मेडिकल स्टोर्स की टीम ने जांच की उनमें मेसर्स दिशा मेडिकल, न्यू मेडिकल स्टोर महामाया गेट के पास, इंडियन मेडिकल स्टोर घुटरापारा, लाइफ केयर मेडिकोज चांदनी चौक अंबिकापुर शामिल हैं। जांच के दौरान दवाओं की नियमानुसार, क्रय-विक्रय, CCTV कैमरा, नशीली और गर्भपात की दवाइयों के संबंध में पूछताछ और चेकिंग की गई। नशीली और गर्भपात की दवाइयों के विरूद्व संयुक्त अभियान निरंतर जारी रहेगी। संयुक्त अभियान में औषधि निरीक्षक आलोक कुमार मौर्य, अनिल कुमार पैकरा एवं सरगुजा पुलिस से अमित कुमार सिंह व रमन मंडल शामिल रहे। ………………………………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… 5 महीने की प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड को खिलाई अबॉर्शन की दवा..मौत:अंबिकापुर-अस्पताल में भर्ती कराकर भागा बॉयफ्रेंड, मां बोली-जबरन खिलाई गोली, 5 साल से था अफेयर छत्तीसगढ़ के सरगुजा में बॉयफ्रेंड ने 5 महीने की प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड को अबॉर्शन की गोली लिखा दी। हालत बिगड़ने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराकर भाग गया। जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। यहां पढ़ें पूरी खबर…


