राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास गुरुवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने रमण रेती क्षेत्र स्थित केलि कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। आश्रम में प्रवेश करते ही महंत नृत्य गोपाल दास का भव्य स्वागत किया गया। संत प्रेमानंद महाराज ने परंपरा के अनुसार उनके पैर पखारे। आश्रम में दोनों संतों दोनों संतों का दिव्य मिलन हुआ। महंत नृत्य गोपाल दास के आगमन की सूचना मिलते ही संत प्रेमानंद महाराज आश्रम के संतों के साथ आश्रम के मुख्य गेट के बाहर आ गए। घंटे-घड़ियाल बजाकर और राधा नाम का कीर्तन कर महंत नृत्य गोपाल दास का स्वागत किया गया। इस दौरान आश्रम के संत और सेवादारों ने महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के रास्ते पर पुष्प वर्षा की। संत प्रेमानंद महाराज ने किया साष्टांग प्रणाम महंत नृत्य गोपाल दास महाराज जैसे ही केली कुंज आश्रम के मुख्य द्वार पर पहुंचे, वहां इंतजार कर रहे संत प्रेमानंद महाराज तुरंत जमीन पर लेटकर साष्टांग प्रणाम किया। उठते हुए संत प्रेमानंद महाराज भावविह्वल होकर कहा- अहैतुकी कृपा हुई है। इसके बाद दोनों संत आश्रम के अंदर पहुंचे। यहां संत प्रेमानंद महाराज ने महंत नृत्य गोपाल दास महाराज को आसन पर विराजमान किया और खुद नीचे बैठकर जल से उनके चरण पखारे। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच चरण पखारते समय संत प्रेमानंद महाराज की आंखें भावुकता से नम हो उठीं। संत प्रेमानंद महाराज ने किया चरण पूजन महंत नृत्य गोपाल दास के चरण पखारने के बाद संत प्रेमानंद महाराज ने उनके चरणों का पूजन किया। उन्होंने पहले महंत के चरणों पर चंदन लगाया और फिर उसी चंदन को अपने माथे पर धारण किया। इसके बाद उन्होंने महंत नृत्य गोपाल दास को राधा रानी की प्रसादी चुनरी ओढ़ाई। पूजन के बाद संत प्रेमानंद महाराज ने महंत नृत्य गोपाल दास की आरती की। इसके बाद पुष्प अर्पित करते हुए प्रसाद दिया। जैसे बच्चे पर कृपा करते ऐसे ही कृपा करने आए पूजन और आरती के बाद संत प्रेमानंद महाराज ने भावुक होकर कहा- आपने बड़ी अहैतुकी कृपा की है। इस पर पास में मौजूद एक अन्य संत बोले- यह हमारा बड़ा सौभाग्य है कि दो महान संतों का ऐसा दिव्य मिलन हुआ है। जवाब में संत प्रेमानंद महाराज ने कहा- महाराज जी ने हम पर वैसी ही कृपा की है जैसे कोई अपने बच्चे पर करता है। इसके बाद उन्होंने महंत नृत्य गोपाल दास के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराज जी ने धर्म के लिए, समाज के लिए और साधकों के लिए बहुत संघर्ष किया है। राम जन्मभूमि के लिए उन्होंने क्या-क्या नहीं सहा… यहां तक कि बम–बारूद तक खाने पड़े। भगवान की कृपा से सब काम हो रहा महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने कहा- भगवान की कृपा से सब काम हो रहा है। भगवान जो कराते हैं, वही होता है। भगवान की कृपा के बिना कोई काम होता नहीं है। इसलिए भगवान की कृपा पर निर्भर रहना जरूरी है। भगवान का नाम मंगल भवन अमंगल हारी है। भगवान के नाम के बिना संसार का काम नहीं चलता। इसलिए भगवान का नाम लेना चाहिए। भगवान की कृपा का अनुश्रवण करना चाहिए। इसके बाद संत प्रेमानंद महाराज और वहां मौजूद सभी संत सदगुरुदेव भगवान की जय करने लगे। भगवान प्रसन्न होते हैं तब सदगुरु की सेवा प्रदान करते हैं महंत नृत्य गोपाल दास के आशीर्वचन के बाद वहां मौजूद संत परिकर ने संत प्रेमानंद महाराज से कुछ कहने के लिए कहा। जिसके बाद संत प्रेमानंद महाराज ने कहा- जब भगवान प्रसन्न होते हैं तब सदगुरु की सेवा प्रदान करते हैं। भजन तो कोई भी कर सकता है, लेकिन विशेष कृपा पात्र वही है, जिसको अपने गुरु जी की अंग सेवा प्राप्त हो। मानो श्री राम जी की सेवा प्राप्त हो गई। गुरु देव प्रसन्न हैं तो भगवान अनुकूल है। जिसने गुरुदेव की सेवा करके गुरुदेव को रिझा लिया, समझो भगवान उसके अधीन हो गए। सौभाग्य है हमारे बीच ऐसे संत पधारे संत प्रेमानंद महाराज ने कहा- आज सौभाग्य है जो हमारे बीच ऐसे जो भगवद प्राप्त हैं। वयोवृद्ध, ज्ञानबद्ध, प्रताप महिमा में बद्ध, परम वंदनीय, प्रातः स्मरणीय आज हमारे बीच में बैठे हैं। इनकी जो आज्ञा का पालन करे इनकी जो चरण सेवा करे उसका परम मंगल हो। इसके बाद महंत नृत्य गोपाल दास ने कीर्तन सुनने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद संत प्रेमानंद महाराज के परिकर राधा नाम का कीर्तन करने लगे। दस मिनट तक कीर्तन सुनने के बाद मंहत नृत्य गोपाल दास केलि कुंज आश्रम से रवाना हो गए। ————————- ये खबर भी पढ़ें…. 50 लाख के लिए पुतले का अंतिम संस्कार:हापुड़ में चिता सजाई, चादर में लपेटकर लेटा दिया; कफन हटाकर देखा तो खुला राज हापुड़ के ब्रजघाट पर 4 युवक कार से एक शव लेकर आए। उसके लिए चिता सजाई, फिर उसे चादर में लिपटा हुआ ही लेटा दिया। वहां मौजूद लोगों को कुछ गड़बड़ लगी। उन्होंने चादर हटाई, तो अंदर से एक प्लास्टिक का पुतला निकला।मौके पर पहुंची पुलिस ने दिल्ली के 2 कपड़ा व्यापारी को हिरासत में लिया। जबकि उनके साथी फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…


