प्रेमी जोड़े को आग लगाई, उनके परिवारों में पुरानी दुश्मनी:एक साल पहले हुई लव मैरिज वजह; प्रेमी शादीशुदा, प्रेमिका के पति की हो चुकी मौत

जयपुर के पास मौखमपुरा के बाडोलाव गांव में प्रेमी जोड़े पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और पुलिस को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में SMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। भास्कर ने मामले की पड़ताल की तो सामने आया कि प्रेमी जोड़े के परिवारों में पहले से दुश्मनी है। दोनों परिवारों में रंजिश की वजह भी पहले हुई एक लव मैरिज ही है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… एक लव मैरिज के चलते दोनों परिवारों में थी रंजिश
भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि युवक कैलाश गुर्जर शादीशुदा है, जबकि महिला सोनी गुर्जर विधवा है। उसके पति की 6 साल पहले एक हादसे में मौत हो गई थी। सोनी गुर्जर के दो बच्चे हैं। बेटा 10 और बेटी 7 साल की है। सोनी देवी के बेटे का बाल विवाह हो चुका है। सोनी देवी के समधी उगमाराम ने बताया कि रात 3 बजे के आसपास उन्हें घटना की जानकारी मिली थी। उगमाराम ने बताया- आग किसने लगाई और इसके पीछे क्या कारण थे, ये तो नहीं पता चला, लेकिन दोनों परिवारों में रंजिश थी। उन्होंने बताया कि एक साल पहले सोनी देवी के जेठ के लड़के और कैलाश के भाई की लड़की ने लव मैरिज कर ली थी। इसी वजह से दोनों परिवारों में बोलचाल बंद थी। कैलाश से मिलने गई थी सोनी
दूदू एएसपी शिवलाल बैरवा ने बताया- देर रात थाने में सूचना आई कि एक महिला और पुरुष पर कुछ लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना में शामिल लोगों को राउंडअप कर लिया है। जल्दी ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। बैरवा ने बताया- अब तक की जांच में सामने आया कि सोनी देवी देर रात कैलाश से मिलने के लिए पहुंची थी। कुछ लोगों को इसकी सूचना मिल गई, इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों को आग लगा दी। दोनों की हालत गंभीर
SMS हॉस्पिटल में अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। कैलाश 70 फीसदी और सोनी 45 फीसदी से ज्यादा झुलसी हुई है। बर्न वार्ड में दोनों का इलाज चल रहा है। इधर, पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। एफएसएल ने मौके से सबूत जुटाए हैं। वहीं, पुलिस इस मामले में परिजनों से पूछताछ कर रही है। ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में प्रेमी-प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर आग लगाई:परिवार वालों ने दोनों को एक साथ पकड़ा था, 60% से ज्यादा झुलसे, SMS हॉस्पिटल में भर्ती जयपुर में युवक-युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और पुलिस को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में SMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। प्रेम-प्रसंग से इस मामले को जोड़कर देखा जा रहा है। आरोप है कि प्रेमी जोड़े के परिवार वालों ने ही ऐसा किया है। मामला मौखमपुरा इलाके का है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *