प्रेमी जोड़े को किसने जलाया, दोनों परिवारों की अलग कहानी:मचान पर सो रहे युवक को बांधकर आग लगाई, महिला को बाल पकड़ घसीटा, पेट्रोल डाला

जयपुर के पास मौखमपुरा के बाडोलाव गांव में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे प्रेमी जोड़े पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। कैलाश गुर्जर 70 फीसदी और सोनी गुर्जर 45% से ज्यादा झुलस गई। दोनों की हालत नाजुक है। सवाई मान सिंह (SMS) हॉस्पिटल में दोनों का इलाज चल रहा है। सबसे बड़ा सवाल- आग किसने लगाई? इसी सवाल का जवाब जानने के लिए भास्कर रिपोर्टर बाडोलाव गांव पहुंचा। दोनों परिवारों ने प्रेम संबंध के मामले में चुप्पी साध रखी है। आग लगाने को लेकर भी अलग-अलग कहानी बताई। दोनों ही परिवारों ने अभी तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया है। आधी रात को चिल्लाने की आवाज आई
कैलाश के घरवालों ने बताया- वह (कैलाश) अक्सर खेत पर ही सोता था। सोने के लिए मचाननुमा ठीया बनाया था। कैलाश के भतीजे कजोड़मल गुर्जर ने बताया कि काका रात करीब 10 बजे घर से सोने के लिए निकले थे। अचानक रात 2 बजे उनके जोर–जोर से चिल्लाने की आवाजें आईं तो हमारी नींद खुली। आवाज खेतों की तरफ से आ रही थी। हम लोग उधर भागे तो देखा काका आग की लपटों में घिरे हुए थे। बचाओ-बचाओ की गुहार लगा रहे थे। हमने उनके शरीर पर चिपके-जले हुए कपड़े उतारे। उन्हें तुरंत बिचून सरकारी हॉस्पिटल ले गए, जहां से उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। काका का पूरा शरीर जल गया था। हमें कुछ समझ ही नहीं आया कि आखिर किसने इन्हें आग लगाई होगी। खेत की मेड़ से लोहे के तार काटकर घुसे हमलावर
कजोड़मल ने बताया कि काका (कैलाश) खेत पर रात को कब सोने आते हैं, इसकी रेकी हमलावरों ने पहले ही कर रखी थी। मेड़ से करीब 20 मीटर दूर लोहे का तार काटकर तीन से चार लोग खेत में घुसे। काका को काबू कर मचान की सोने वाली जगह पर ही बांध दिया। इसे बाद हमारे ही खेत में खड़े बाजरे की पुआल से उन्हें ढका। अपने साथ बोतल में भरकर लाए पेट्रोल जैसे किसी ज्वलनशील पदार्थ को छिड़ककर आग लगा दी। काका के शोर मचाने पर गांव में जाग हुआ तो हमलावर भाग गए। पुलिस ने पीड़ितों के बयान और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कुछ लोगों को डिटेन किया है। तेल छिड़ककर लगा दी आग
कैलाश के अलावा खेत में बने मचान के पास 30 वर्षीय सोनी गुर्जर भी औंधे मुंह गिरी हुई मिली। गांव वाले मचान के पास पहुंचे, तब तक वह काफी जल चुकी थी। गांववालों ने एंबुलेंस की मदद से उसे भी अस्पताल भिजवाया। महिला के भाई गोपीराम गुर्जर ने बताया कि अस्पताल में जब हमने बहन से हादसे के बारे में पूछा तो उसने बताया कि, तीन-चार लोग थे। मुझे बालों से पकड़ा और तेजाब जैसा कुछ मेरे चेहरे पर उडे़ल दिया। इसके बाद मेरे ऊपर तेल छिड़ककर आग लगा दी। मैं बचाने के लिए चिल्लाती रही, लेकिन उन्होंने भागने का मौका नहीं दिया। गोपीराम कहते हैं कि बहन ने गांव के ही खटाना परिवार का नाम लिया। कहा कि आग लगाने वाले कौन थे मैं नहीं जानती, लेकिन थे खटाना के घरों से। प्रेम संबंध के सवाल पर दोनों परिवारों ने चुप्पी साधी
सोनी गुर्जर देर रात खेत में क्याें गई थी…इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। प्रेम संबंध के सवाल पर दोनों ही परिवारों ने चुप्पी साध रखी है। कैलाश का भतीजा कजोड़मल और सोनी का भाई गोपीराम कहते हैं कि कैलाश के बेटे और सोनी की बेटी ने एक-दूसरे को धर्म का भाई-बहन बनाया हुआ है। ऐसे में दोनों किसी तरह के अनैतिक संबंध में होंगे यह कहना मुश्किल है। एक अन्य परिजन ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि महिला के पति गिरधारी की 2017 में खेजड़ी का पेड़ काटते समय दबने से मौत हो चुकी है। पति की जमीन, मकान और जायदाद को लेकर भी परिवार में विवाद चल रहा है। इसके अलावा पिछले साल सोनी देवी के जेठ के लड़के और कैलाश के भाई की लड़की ने लव मैरिज कर ली थी। इसे लेकर भी दोनों परिवारों में रंजिश थी। — प्रेमी जोड़े को जिंदा जलाने की कोशिश की ये खबरें भी पढ़िए… प्रेमी जोड़े को आग लगाई, उनके परिवारों में पुरानी दुश्मनी:एक साल पहले हुई लव मैरिज वजह; प्रेमी शादीशुदा, प्रेमिका के पति की हो चुकी मौत जयपुर के पास मौखमपुरा के बाडोलाव गांव में प्रेमी जोड़े पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और पुलिस को सूचना दी। पढ़ें पूरी खबर… जयपुर में प्रेमी-प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर आग लगाई:परिवार वालों ने दोनों को एक साथ पकड़ा था, 60% से ज्यादा झुलसे, SMS हॉस्पिटल में भर्ती जयपुर में युवक-युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और पुलिस को सूचना दी। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *