चांचौड़ा थाना क्षेत्र में शादी के बाद जान का खतरा बताते हुए एक प्रेमी जोड़े ने पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी से सुरक्षा की मांग की है। नवदंपत्ति का आरोप है कि लड़की के पिता और भाई उन्हें जान से मारने और चोरी के झूठे केस में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं। गुरुवार को यह जोड़ा अपने वकील के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और संरक्षण की गुहार लगाई। इंदौर में किया था निकाह, कराया रजिस्ट्रेशन जानकारी के अनुसार चांचौड़ा निवासी परवेज खान और सना खान ने 23 जनवरी 2026 को इंदौर जाकर निकाह किया था। इसके बाद दोनों ने विशेष विवाह अधिनियम के तहत अपने विवाह का विधिवत पंजीयन भी कराया है। शादी के बाद से विरोध शुरू निकाह के बाद से ही सना खान के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। दंपत्ति का कहना है कि परिवार वाले इस शादी से नाराज हैं और लगातार उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। प्रेमी जोड़े का आरोप है कि लड़की के पिता और भाई उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इसके साथ ही चोरी के झूठे मामले में फंसाने और मारपीट करने का दबाव भी बनाया जा रहा है। कई दिनों से छिपकर रहने को मजबूर लगातार मिल रही धमकियों के कारण यह जोड़ा पिछले कई दिनों से अपनी जान बचाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रहने को मजबूर है। उन्हें हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। गुरुवार शाम परवेज और सना अपने अधिवक्ता नूर अख्तर के साथ पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी को शिकायती आवेदन सौंपकर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। पुलिसकर्मियों पर भी लगाए आरोप शिकायती पत्र में जोड़े ने चांचौड़ा थाना के कुछ पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ पुलिसकर्मी उन्हें फोन कर धमका रहे हैं और मामले में ‘सेटलमेंट’ करने का दबाव बना रहे हैं। बालिग हूं, अपनी मर्जी से शादी की: सना सना खान ने बताया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से परवेज खान के साथ शादी की है। उसने कहा कि वह अपने पति के साथ बिना डर के वैवाहिक जीवन जीना चाहती है। परिवार से जान का खतरा बताया सना ने आरोप लगाया कि उसे अपने ही परिवार से अपनी और अपने पति की जान का खतरा है। इसी कारण वह पुलिस प्रशासन से संरक्षण की मांग कर रही है। नवदंपत्ति का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा नहीं मिली तो उनके साथ कोई भी अनहोनी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।


