प्रेम प्रसंग में बाधा बना परिवार, असम से भागकर धालभूमगढ़ पहुंची नाबालिग

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ प्रेम प्रसंग में परिवार की रुकावट से परेशान होकर असम की एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी के साथ भागकर धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के स्वर्गछिंड़ा गांव पहुंच गई। मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को थाना लाया। स्वर्गछिंड़ा गांव के हिमांशु राणा और अन्य ग्रामीणों ने नाबालिग के गांव में पहुंचने की सूचना धालभूमगढ़ थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और नाबालिग लड़की तथा उसके प्रेमी को अपने साथ थाना ले आई। पूछताछ के बाद नाबालिग लड़की को बाल सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि उसके प्रेमी 20 वर्षीय रबकुल अली को थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है। परिवार के विरोध से भागे थे दोनों : पूछताछ के दौरान रबकुल अली ने पुलिस को बताया कि लड़की उसके गांव के पास की ही रहने वाली है और दोनों के बीच कुछ समय से प्रेम संबंध चल रहा था। परिजनों के विरोध के कारण दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया। शुक्रवार को वे दोनों गुवाहाटी (असम) से ट्रेन में चढ़कर घर से भाग निकले और धालभूमगढ़ की ओर आ गए। ट्रेन में हुई पहचान, ग्रामीण ने दी पुलिस को खबर : स्वर्गछिंड़ा गांव निवासी हिमांशु ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक का चेचिस शिलांग पहुंचाकर ट्रेन से वापस लौट रहा था, इसी दौरान उसकी मुलाकात युवक रबकुल अली से हुई। उसने दोनों को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन मना करने के बावजूद युवक और नाबालिग लड़की उसके साथ ट्रेन से धालभूमगढ़ आ गए। बाद में हिमांशु ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी। असम में दर्ज है गुमशुदगी की रिपोर्ट : इधर, नाबालिग लड़की के परिजनों ने असम के बोरघाट आरोखीसोकी थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। धालभूमगढ़ पुलिस ने भी इस मामले की सूचना असम पुलिस को दे दी है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *