प्रेम-प्रसंग में युवक को मारपीट कर कुएं में फेंका, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

भास्कर न्यूज | गिरिडीह बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बंगारी निवासी विनोद कुमार पर सोमवार रात जानलेवा हमला किया। उसे बुरी तरह पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर गांव के पास बने कुएं में फेंक दिया गया। आरोप प्रेम प्रसंग में प्रेमिका के परिजनों पर लगा है। घटना की जानकारी मंगलवार को विनोद के परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही परिजन कुएं पर पहुंचे और उसे बाहर निकालकर तुरंत सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कर दिया। युवक की मां ने बताया कि विनोद सोमवार देर शाम से घर से लापता था। वह बेंगाबाद थाना क्षेत्र की एक लड़की से प्रेम करता था। रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने बताया कि देर रात कुछ लोगों ने एक युवक को मारपीट कर कुएं में फेंक दिया है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां विनोद को कराहते हुए पाया गया। उसे बाहर निकालने पर उसकी हालत बेहद नाजुक थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना के संबंध में जब थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि इस तरह का कोई मामला अभी थाना में दर्ज नहीं हुआ है और उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। समाचार लिखे जाने तक युवक का उपचार सदर अस्पताल के आईसीयू में जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *