प्रेम-प्रसंग में हुई शिक्षक की हत्या, तीन गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | गढ़वा बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल में शिक्षक दीपक कुजूर की हुई हत्या के मामले का गढ़वा पुलिस ने खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग और निजी रंजिश के कारण इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो अवैध देशी पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गुरुवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि मुख्य आरोपी मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के नावाटोली निवासी मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान और चैनपुर थाना क्षेत्र के कुमनी गांव निवासी मफूज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पूर्व इस मामले में आरोपी परवेज आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है। घटना में कुल चार लोग शामिल थे। एक अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि 19 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे सूचना मिली थी कि बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल स्थित ललमटिया के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारने के बाद धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। जिंदा कारतूस और खोखा किया गया बरामद घटनास्थल की तलाशी में जिंदा कारतूस और खोखा बरामद हुआ। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंडरिया भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सिमडेगा निवासी शिक्षक दीपक कुजूर के रूप में हुई। घटना के बाद बड़गड़ थाना कांड संख्या 24/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रंका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी पहले मेदिनीनगर स्थित एक चश्मा दुकान में कार्यरत थी। इसी दौरान दुकान के संचालक मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान से उसका प्रेम संबंध हो गया था। दिसंबर 2025 में महिला की शादी दीपक कुजूर से हुई, जिसके बाद वह सिमडेगा चली गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *