प्रॉपर्टी डीलर ने महिला से 5 लाख ठगे:डेढ़ साल से पैसे नहीं लौटाए; चेक बाउंस हुआ, बेटे ने जान से मारने की धमकी दी

लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा महिला से की गई धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एल्डिको उद्यान द्वितीय की रहने वाली शशि मिश्रा ने प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार सिंह पर प्लॉट बेचने के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। घटना 13 जून 2023 की है, जब राजकुमार सिंह ने शशि मिश्रा को एक प्लॉट दिखाया और बेचने की बात की। प्लॉट पसंद आने पर शशि मिश्रा ने आरटीजीएस के माध्यम से बतौर एडवांस 5 लाख रुपये राजकुमार के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में किन्हीं कारणों से सौदा रद्द हो गया। पीड़िता के पैसे वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बाद दबाव बनाने पर उसने पोस्ट डेटेड चेक दिया, जो बाउंस हो गया। डेढ़ साल से पीड़िता बिजनौर और पीजीआई थाने से लेकर जेसीपी कार्यालय तक चक्कर काट रही हैं, लेकिन न तो उनका पैसा वापस मिला और न ही आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई। मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता के बार-बार फोन करने पर आरोपी के बेटे अनुराग सिंह ने उनके घर जाकर जान से मारने की धमकी दे दी। आरोपी राजकुमार सिंह बिजनौर रोड स्थित ओमेक्स सिटी में अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहता है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *