अलीगढ़ में महज चार बीघा जमीन के विवाद में बड़े भाई और उसके बेटों ने छोटे भाई की पीट–पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों ने घर में घुसकर पत्नी के सामने ही छोटे भाई को घसीटकर कमरे से बाहर निकाला। इसके बाद बेरहमी से पीट–पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अधमरी हालत में छोड़कर भागे। परिजन आनन–फानन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना बन्ना देवी पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ये है पूरा मामला मामला थाना बन्ना देवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद का है। घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की है। देवेंद्र (35) अपनी पत्नी मालती के साथ घर में चाय पी रहे थे। मालती ने बताया- हम दोनों चाय पी ही रहे थे कि तभी उनके जेठ श्याम अपने दो बेटों जीतू और सूरज के साथ गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए। आरोपियों ने देवेंद्र को पीटना शुरू कर दिया और पत्नी के सामने ही घसीटते हुए घर से बाहर ले गए। मालती ने बताया- तीनों ने देवेंद्र को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से सीने पर वार किए, गला दबाया और बाद में कंटीले तारों पर डाल दिया। जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गए। पत्नी ने पति को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन जेठ और भतीजे ने एक न सुनी। आसपास के लोगों के सामने चीख-पुकार होती रही, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। जब देवेंद्र की हालत गंभीर हो गई तो आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन आनन-फानन देवेंद्र को पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां भर्ती करने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 4 साल की बेटी बोली- ताऊ ने पापा को मार दिया देवेंद्र की बच्ची बोली- पापा को ताऊ न मारा था। वो चिल्ला रहे थे जोर-जोर से। फिर भी ताऊ और जीतू भईया ने पापा को तार से मारा। वो जमीन पर गिर गए थे। तो जीतू भईया ने उन्हें उठाकर फिर गिरा दिया और बार-बार तार से मारा। उनके खून निकल रहा था। चार बीघा जमीन का विवाद पत्नी मालती का कहना है कि परिवार के पास कुल आठ बीघा जमीन है। ससुर की मौत के बाद वारिसान के आधार पर चार बीघा जमीन सास के नाम और शेष चार बीघा जमीन दोनों बेटों के नाम हो गई थी। जेठ श्याम अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच चुका था और अब देवेंद्र की जमीन व बरौला स्थित मकान पर कब्जा करना चाहता था। इसी को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। 6 साल पहले हुई थी शादी देवेंद्र ई–रिक्शा चलाकर परिवार का पालन–पोषण करते थे। उनकी शादी छह साल पहले मालती से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं—एक दो साल का बेटा और करीब साढ़े तीन साल की बेटी। मृतक की साली रेनू का कहना है कि देवेंद्र को अपने भाई से जान का खतरा महसूस हो रहा था और दो दिन पहले उसने इस आशंका को लेकर बातचीत भी की थी। ई–रिक्शा हटाने पर हुआ विवाद थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच ई-रिक्शा को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मारपीट हुई, जिसमें देवेंद्र के सीने में गंभीर चोट आई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल थाना बन्ना देवी में तहरीर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। …………….. ये खबर भी पढ़िए- गांव में शौचालय नहीं, नाबालिग बाहर गई तो गैंगरेप हुआ: कानपुर में पीड़िता के गांव नहीं पहुंचा स्वच्छ भारत मिशन, महिलाओं में दहशत कानपुर के संचेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 14 साल की नाबालिग के साथ 6 जनवरी की रात करीब 10 बजे को गैंगरेप हुआ। पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर को अरेस्ट कर लिया। जबकि दरोगा फरार है। आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य पर पुलिस कमिश्नर ने 50 हजार का इनाम घोषित किया है। पढ़ें पूरी खबर…


