भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम निपानी से उमरादाह तक 12 किमी मुख्य मार्ग का नए सिरे से डामरीकरण किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी की सर्वे, डीपीआर(डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट) के अनुसार काम पूरा कराने 9 करोड़ 30 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। हालांकि अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है क्योंकि प्रशासकीय स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया, एजेंसी तय होने की प्रक्रिया नहीं हो पाई है। डीपीआर अनुसार डामरीकरण के अलावा सड़क के दोनों किनारे 1.5-1.5 मीटर सोल्डर बनेगा। मुरूम बिछाया जाएगा ताकि लोगों को आने-जाने में सहूलियत हो सकें। पहले 4 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से मजबूतीकरण व चौड़ीकरण कार्य प्रस्तावित था। शासन स्तर से चौड़ीकरण के बजाय मजबूतीकरण कार्य को मंजूरी दी गई है। इसके लिए राज्य बजट में 9.30 करोड़ का प्रावधान किया गया है। दावा किया जा रहा है कि बजट में प्रावधान राशि स्वीकृत होने के बाद काम जल्द शुरू कराया जाएगा। मानसून सीजन के पहले ही प्रशासकीय स्वीकृति के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से फाइनल सीमांकन व सर्वे कर डीपीआर रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुका है। काम पूरा होने से राहत मिलेगी। 3 बार बजट में शामिल चुका है यह प्रोजेक्ट पीडब्ल्यूडी के अनुसार वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 3 मीटर है। जिसे पहले 7 मीटर चौड़ा करने का प्लान था। प्लानिंग में बदलाव के बाद चौड़ीकरण नहीं होगा। हालांकि दोनों किनारे 1.5-1.5 कुल 3 मीटर सोल्डर बनने से सड़क की चौड़ाई 3 से बढ़कर 6 मीटर हो जाएगी। निपानी से उमरादाह सड़क मजबूतीकरण प्रोजेक्ट राज्य शासन के तीन बजट में शामिल हो चुका है। इस साल के बजट में 9.30 करोड़ रुपए बजट में प्रावधान किया गया है। जबकि पिछले साल 4.80 करोड़ का प्रावधान किया गया था। वहीं वर्ष 2022-23 के बजट में भी सड़क चौड़ीकरण के लिए 3 करोड़ का प्रावधान रखा गया था। संकरी सड़क पर रेत और मुरुम से भरे वाहन दौड़ रहे ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी के सरपंच कृष्णाराम साहू ने बताया कि रोजाना इस मार्ग में रेत, मुरूम व अन्य मटेरियल से भरी हाईवा, ट्रकें चलती है। सड़क 3 मीटर चौड़ी है और अगल-बगल पेड़ है। इस वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस की चालानी कार्रवाई से बचने के लिए अधिकांश हाईवा, ट्रक व अन्य मालवाहक वाहन के चालक इसी मार्ग से आना-जाना करते है। दोनों किनारे सोल्डर बनने यानी सड़क की चौड़ाई बढ़ने से राहत मिल पाएगी। कुछ साल पहले डामरीकरण, पैचवर्क हुआ था। सड़क की चौड़ाई जस की तस है। इस मार्ग पर आवाजाही अधिक है।


