भास्कर न्यूज| चाईबासा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में लातेहार में खेली जा रही अंतर जिला अंडर -23 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत सोमवार को खेले गए ग्रुप-बी के एक महत्वपूर्ण मैच में पश्चिमी सिंहभूम ने सिमडेगा को छह रनों से पराजित कर जीत की हैट्रिक लगाई। इस जीत के साथ ही पश्चिमी सिंहभूम की टीम अपने सभी तीनों मैच जीतकर बारह अंकों के साथ ग्रुप में पहले स्थान पर है। जिला खेल स्टेडियम लातेहार में खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पश्चिमी सिंहभूम की टीम 46.4 ओवर में 165 रन बनाकर आल आउट हो गई। पश्चिमी सिंहभूम की ओर से शुभम सिंह ने 47, अनिश कुमार दास ने 39 तथा ललित सिंह ने 32 रन बनाए। सिमडेगा की ओर से तेज गेंदबाज़ संजीत शर्मा ने 38 रन देकर चार विकेट, अविनाश पांडेय ने 36 रन देकर तीन विकेट तथा तनिष चौबे ने 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमडेगा की टीम 38 ओवर में 159 रन बनाकर आल आउट हो गई और मात्र 6 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। सिमडेगा की ओर से एकमात्र सफल बल्लेबाज हिमांशु द्विवेदी रहे। जिसने 70 रनों की बेहतरीन पारी खेली। पश्चिमी सिंहभूम की ओर से वामहस्त स्पिनर तन्मय तंतुबाई ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी का परिचय देते हुए मात्र 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए तथा मैन ऑफ द मैच का हकदार बना। आशीष सिंह ने तीन तथा कप्तान अजित कुमार सिंह ने दो विकेट चटकाए। पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के तन्मय तंतुबाई को गेंदबाजी के लिए मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार के रूप में उसे पांच हजार रुपये का चेक मैच के अंपायर धर्मेंद्र कुमार ने प्रदान की। इधर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष तथा महासचिव ने टीम प्रबंधन को उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी है।


