भास्कर न्यूज| चाईबासा जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस परीक्षा के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। चयन परीक्षा जिले के तीन अनुमंडल मुख्यालय जिसमें चाईबासा व चक्रधरपुर में 8-8 व जगन्नाथपुर के 3 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई। जिले के 18 प्रखंडों से कक्षा 5 में अध्ययनरत 5465 विद्यार्थियों ने चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए रजिस्टर्ड हुए थे। आज संपन्न हुई परीक्षा में 4376 छात्र शामिल हुए। जबकि 1089 छात्र चयन परीक्षा में अनुपस्थित रहें। प्रति 24 परीक्षार्थी के लिए एक शिक्षक की नियुक्ति परीक्षा रूम में की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों के लिए एक-एक ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई थी। दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस बल की भी बड़े पैमाने पर तैनाती की गई थी। कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु कड़ी सुरक्षा व व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन का इस्तेमाल वर्जित था। परीक्षा 11.30 बजे से 1.30 बजे तक संचालित हुई। आज संपन्न हुई चयन परीक्षा में सफल परीक्षार्थियों की दाखिला जवाहर नवोदय विद्यालय के छठवीं कक्षा में होगी। जवाहर नवोदय विद्यालय, पश्चिमी सिंहभूम के प्राचार्य पंकज कुमार गुप्ता ने कदाचारमुक्त आयोजन हेतु जिले के उपायुक्त, आरक्षी अधीक्षक व जिला शिक्षा पदाधिकारी का आभार प्रकट किया है।


