फंड आवंटन के बावजूद औद्योगिक क्षेत्र में नहीं दिख रहा विकास : चैंबर

सिटी रिपोर्टर| रांची झारखंड चैंबर की बैठक बुधवार को अध्यक्ष परेश गट्टानी की अध्यक्षता में चैंबर भवन में हुई। इस दौरान राज्य के औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी और महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए 438 करोड़ रुपए आवंटित किए है। इसके बावजूद औद्योगिक क्षेत्र में कोई भी विकास देखने को नहीं मिला है। बरसात का मौसम आने वाला है, पर पूरे औद्योगिक क्षेत्र में लाइटें, नालियां, सड़कें कुछ भी ठीक नहीं हैं। उद्योगपति जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रबंध निदेशक से मिलने भी जाते हैं, पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों के द्वारा एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट के लिए बनाई गई नालियों एवं बारिश के पानी के लिए नाली के संबंध में उद्यमियों द्वारा कड़ी आशंका व्यक्त की गई। कहा गया कि यह पूरे औद्योगिक क्षेत्र के लिए नहीं बनाई गई है। उद्यमियों ने जियाडा से मांग की है कि इस कार्य से संबंधित बीयोक्यू उपलब्ध कराए, ताकि यह पता चल सके कि काम बीओक्यू के अनुसार काम हुआ है या नहीं। यह भी कहा गया कि यह कार्य केंद्र के फंड से वित्त प्रोषित है, जिसकी राशि करीब 25 करोड़ रुपए है। उद्यमियों ने इस प्रोजेक्ट की सही तरीके से जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में उपस्थित चैंबर के पदाधिकारी। नामकुम औद्योगिक क्षेत्र की सड़क पर भी चर्चा हुई। कहा गया कि यह सड़क काफी अच्छी थी, पर उसे भी उखाड़ा जा रहा है। तीन महीने पहले लगे स्ट्रीट लाइट को भी उखाड़ दिया गया है, जिससे रात में अंधेरा छा जाता है। इन समस्याओं को लेकर इस बात पर सहमति बनी कि चैंबर का एक प्रतिनिधिमंडल उद्योग सचिव से मिलकर औद्योगिक क्षेत्र की सारी समस्याओं को रखेगा। साथ ही त्वरित कार्रवाई के लिए ज्ञापन भी सौंपेगा। बैठक में चैंबर अध्यक्ष और महासचिव के अलावा उपाध्यक्ष ज्योति कुमारी, उप समिति चेयरमैन बिनोद अग्रवाल व अजय भंडारी, सदस्य सुरेश अग्रवाल व अन्य थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *