क्षेत्र में मंगलवार को फतेहगढ़ उपखंड क्षेत्र में होली का पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान लोगों ने पानी बचाने के उद्देश्य से सूखे रंगों और गुलाल का उपयोग कर ‘सूखी होली’ खेली। सुबह से ही होली की धूम शुरू हो गई थी, जो दोपहर तक जारी रही। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। रंगों के बीच एक-दूसरे को पहचानना मुश्किल हो रहा था और सड़कें रंगों से सराबोर दिखाई दे रही थीं। त्योहार का खुमार हर आयु वर्ग के लोगों पर छाया रहा। होली के गीतों और डीजे की धुन पर युवाओं की टोलियां सड़कों पर नृत्य करती नजर आईं। बच्चों ने पिचकारी और रंग भरे गुब्बारों के साथ जमकर आनंद लिया।


