फतेहगढ़ साहिब में आज सड़कों की खस्ता हालत से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण बरास गांव, चुन्नी माजरा और चोल्टी खेड़ी को जोड़ने वाली सड़कों की खस्ता हालत से परेशान है। ये सड़कें पिछले कई सालों से जर्जर हैं। बारिश के मौसम में जलभराव और कीचड़ के कारण आवाजाही बाधित हो जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि शहीदी सभा के समय हर साल सड़कों के निर्माण और मरम्मत के वादे किए जाते हैं। लेकिन वास्तविकता में सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं। आपात स्थिति में अस्पताल तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। पूर्व जिला परिषद चेयरमैन बलजीत सिंह भुट्टा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की है। प्रशासन को कई बार सूचित करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। भुट्टा के अनुसार, इस समस्या को सरकार तक पहुंचाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। गांव-गांव जाकर लोगों के हस्ताक्षर और शिकायतें इकट्ठा की जा रही हैं। यह ज्ञापन जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।


