फतेहगढ़ साहिब में पुलिस और नगर कौंसिल की टीम ने नशा तस्करी में लिप्त एक परिवार के अवैध मकान को गिराया। मास्टर कॉलोनी की सानिया और उसकी सास सुरेश कौर का यह मकान था। दोनों महिलाएं नशा तस्करी के मामलों में नाभा जेल में बंद हैं। ये कार्रवाई मंडी गोबिंदगढ़ में आज की है। एसएसपी शुभम अग्रवाल ने पूरी कार्रवाई की निगरानी की। सानिया पर नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। उसकी सास सुरेश कौर पर भी कई केस हैं। दोनों ने नशीले पदार्थों की तस्करी से कमाए गए पैसे से यह अवैध निर्माण किया था। नगर कौंसिल के नोटिस का परिवार ने कोई जवाब नहीं दिया। मास्टर कॉलोनी में एक अन्य नशा तस्कर का घर पहले भी गिराया गया था। परिवार ने फिर से निर्माण कर लिया था। आज उस घर को भी तोड़ा गया। एसएसपी ने चेतावनी दी कि नशे के धंधे में शामिल किसी को नहीं बख्शा जाएगा। पिछले दो महीनों में फतेहगढ़ साहिब जिले में नशा तस्करी के 150 मामले दर्ज हुए हैं। 250 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। 50 से ज्यादा नशे के आदी युवाओं को पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराया गया है।


